सड़क सुरक्षा माह अभियान को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित

कुल्लू

सड़क सुरक्षा माह अभियान के तहत सोमवार को जिला स्तरीय रोड सेफ्टी कमेटी की बैठक उपायुक्त तोरूल एस. रवीश की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं एक गंभीर चिंता का विषय हैं और इन्हें रोकने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय एवं ठोस योजना के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सामूहिक प्रयासों से ही सड़कों को सुरक्षित बनाया जा सकता है।

उपायुक्त ने सभी विभागों से आह्वान किया कि वे आपसी सहयोग से सड़क सुरक्षा माह अभियान को सफल बनाएं तथा आयोजित गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।

बैठक में बताया गया कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत ब्लॉक, तहसील, पंचायत, महाविद्यालय एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों को सख्ती से लागू करते हुए मद्यपान कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। दुपहिया वाहन चालकों, साइकिल सवारों एवं पैदल यात्रियों को भी सड़क सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान की जा रही है।

उपायुक्त ने आगामी गतिविधियों को भी व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए।

जिला रोड सेफ्टी कमेटी की बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजेश भंडारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share the news