भाजपा मुख्यालय दीपकमल में संत रविदास जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई : कर्ण नंदा

शिमला। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय दीपकमल, चक्कर शिमला में आज संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं भक्ति भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने गुरु रविदास जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके महान योगदान को स्मरण किया।
कर्ण नंदा ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन समाज में समता, सद्भाव और मानवता के संदेश का प्रतीक है। उन्होंने अपने विचारों और वाणी के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई और समानता आधारित समाज की स्थापना का मार्ग दिखाया। गुरु रविदास जी के प्रेरक विचार आज भी समाज को एकता और भाईचारे की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने जाति-पाति, ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर मानव कल्याण का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनकी शिक्षाएं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी गुरु रविदास जी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कर्ण नंदा ने प्रदेशवासियों को रविदास जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें गुरु रविदास जी के विचारों को आत्मसात कर समाज में समरसता और समानता को मजबूत करना चाहिए।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, महामंत्री संजीव कटवाल, पायल वैद्य उपस्थित रहे।

Share the news