
खबर अभी अभी | ब्यूरो किन्नौर : आशीष नेगी
उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में संपूर्णता अभियान के तहत पूह ब्लॉक से संबंधित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम नीति आयोग द्वारा संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना और आमजन के जीवन स्तर में सुधार लाना है। विशेष रूप से ग्रामीण गर्भवती महिलाओं को उचित पोषाहार, टीकाकरण एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाना इस अभियान की प्राथमिकता है।
महिला सशक्तिकरण के तहत स्कूलों में बालिकाओं के लिए शौचालय निर्माण, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा तथा महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाने पर बल दिया जा रहा है, ताकि उनकी प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हो और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
डॉ. शर्मा ने बताया कि योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में पशुधन विकास, पशु टीकाकरण, मृदा परीक्षण तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय उत्पादों के विपणन की जानकारी प्रदान की जाएगी। इससे घर-द्वार पर कौशल निर्माण को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय उत्पादों का मूल्य संवर्धन कर उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि संपूर्णता अभियान का मुख्य उद्देश्य विशेषकर महिलाओं को सतत कृषि एवं बागवानी तकनीकों में दक्ष बनाना है, जिससे छोटे एवं सीमांत किसानों को प्रदेश सरकार के स्वर्णिम तीन वर्ष के कार्यकाल में अधिकतम लाभ मिल सके।
जिला विकास अधिकारी प्यारे लाल नेगी ने बैठक का संचालन करते हुए अभियान के विभिन्न घटकों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में एडीएम पूह रविंद्र सिंह ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, जिला शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह नेगी, जिला भू संरक्षण अधिकारी डॉ. राजेश धीमान तथा आत्मा परियोजना के निदेशक रमेश लाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





