मैदानी इलाकों में बढ़ा तापमान, जानिए कब हैं बारिश और बर्फ़बारी के आसार

शिमला/कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से तेज धूप निकलना शुरू हो गई है। तेज धूप के साथ मौसम बदलना शुरू हो गया है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार भी अधिकतम तापमान में सामान्य से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ौतरी हुई है। वहीं हर दिन तापमान बढ़ ही रहा है। हालांकि हिमाचल के मैदानी क्षेत्रों में तो धीरे धीरे अब गर्मी का एहसास होने वाला है। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित सभी जिलों में मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। वहीं मौसम विभाग का मानना है कि इस साल बारिश 27 प्रतिशत कम हुई है। ऐसे में तापमान भी बढ़ रहा है। सुबह शाम की ठंड भी अब कम हो रही है। हालांकि आज यानी बुधवार को प्रदेश के उन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं जहां पर कोई इनसानी बस्ती नहीं है। ऐसे में इस बारिश और बर्फबारी का असर भी कुछक पहाड़ी क्षेत्रों में ही होगा। इसमें हल्का तापमान कम हो सकता है।

लेकिन मौसम विभाग के अनुसार तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के अधिकतर भागों में 22 फरवरी तक मौसम साफ बना रहने के आसार हैं। 18 फरवरी को ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिला में मंगलवार को मौसम साफ बना रहा। खिली धूप के बीच पर्यटक मनाली से सोलंगनाला, अटन टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल, साउथ पोर्टल में पहुंचे और बर्फ के बीच मस्ती की। वहीं अटल टनल रोहतांग के रास्ते 24 दिन बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवा भी शुरू हुई। उदयपुर-केलांग के बीच बस ट्रायल में तोजिंग नाला के पास नाले में बर्फ जमी होने के कारण बस को वापस मोडऩा पड़ा। लेकिन अब लगातार तापमान बढऩे से यह समस्या भी जल्द खत्म होने वाली है। ऐसे में अब सुहावने मौसम का लुत्फ उठाने हिमाचल के पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यटक फिर से आ सकते हैं।
क्या है प्रदेश का तापमान

शिमला में न्यूनतम तापमान 8.0, सुंदरनगर में 6.2, भुंतर में 5.0, कल्पा में 1.8, धर्मशाला में 7.0, ऊना में 7.8, नाहन में 9.8, पालमपुर में 8.0, सोलन में 4.2, मनाली में 2.2, कांगड़ा में 7.8, मंडी में 7.2, बिलासपुर में 8.0, कसौली में 8.9, पांवटा साहिब 10.0, सराहन 4.9, देहरागोपीपुर 12.0, व नेरी में 11.4 डिग्री सेल्यिसय दर्ज किया गया। इनके अलावा कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 8.6 और ताबो में माइनस 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 28.4, मंडी में 26.2, कांगड़ा में 25.5, नाहन-सोलन में 24.0, धर्मशाला में 22.0, शिमला में 18.5 और मनाली में 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

Share the news