
कुनिहार: द एस वी एन विद्यालय बडोर घाटी कुनिहार के दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को सोमवार को बोर्ड परीक्षा हेतु पीएम श्री विद्यालय कुनिहार स्थित परीक्षा केंद्र के लिए विधिवत रवाना किया गया। विद्यालय परिसर में सुबह से ही परीक्षा को लेकर विशेष चहल-पहल देखने को मिली। विद्यार्थी निर्धारित समय से पूर्व ही विद्यालय पहुंच गए थे, जहां शिक्षकों द्वारा उन्हें अंतिम दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विद्यालय निदेशक लूपिन गर्ग ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरे आत्मविश्वास, धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा में शामिल हों। उन्होंने विद्यार्थियों को वर्षभर की मेहनत पर विश्वास रखने तथा बिना किसी तनाव के बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि परिश्रम का फल अवश्य मिलता है और विद्यार्थी पूरी लगन के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।
विद्यालय स्टाफ में शिखा शर्मा, कांति लाल, मुकेश रत्यावल, निर्मला एवं कमलेश सहित अन्य अध्यापकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें शुभाशीष देकर परीक्षा केंद्र के लिए रवाना किया। इस दौरान विद्यालय में अभिभावकों की भी उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का मनोबल बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व में ही सुनिश्चित कर ली गई थीं, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। परीक्षा के लिए निकलते समय विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह, आत्मविश्वास और सफलता पाने की उम्मीद स्पष्ट रूप से झलक रही थी।





