आईआरसीटीसी के साथ रणनीतिक सहयोग से एचपीटीडीसी को मिलेगी नई मजबूती

हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. राजीव कुमार, आईएएस ने 23 फरवरी 2025 को नई दिल्ली स्थित इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज़म कारपोरेशन (IRCTC) के कॉर्पोरेट कार्यालय में आईआरसीटीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुमार जैन तथा उनकी पर्यटन टीम के साथ अहम बैठक की। बैठक में निदेशक (पर्यटन एवं विपणन) राहुल हिमालयन, समूह महाप्रबंधक (पर्यटन) प्रमिला गुप्ता और महाप्रबंधक (पर्यटन) प्रदीप कुमार धीमान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह बैठक हाल ही में एचपीटीडीसी और आईआरसीटीसी के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (एम ओ यू) के क्रम में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों संस्थाओं की परिसंपत्तियों, संसाधनों और विशेषज्ञता का साझा उपयोग कर भविष्य में अधिक लाभकारी व्यावसायिक सहयोग स्थापित करना रहा।
उक्त जानकारी एच पी डी टी सी के प्रबंध निदेशक राजीव कुमार ने देते हुए बताया कि बैठक में एचपीटीडीसी की होटलों में अधिभोग (ऑक्यूपेंसी) बढ़ाने, संयुक्त पर्यटन पैकेज विकसित करने तथा आईआरसीटीसी के पोर्टल के माध्यम से एचपीटीडीसी के कार्ड/पैकेजों की बिक्री की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रबंध निदेशक डॉ. राजीव कुमार ने कहा आईआरसीटीसी के साथ यह सहयोग एचपीटीडीसी के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे न केवल हमारी होटलों की ऑक्यूपेंसी बढ़ेगी, बल्कि देशभर में हमारी मजबूत उपस्थिति भी सुनिश्चित होगी। वर्तमान वित्तीय चुनौतियों के दौर में इस तरह की रणनीतिक साझेदारी निगम के राजस्व को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि शिमला में भी विभिन्न संस्थानों और कॉर्पोरेट घरानों के साथ संभावित समझौतों पर विचार किया जा रहा है, ताकि एचपीटीडीसी की सेवाओं का विस्तार किया जा सके और पर्यटन को नई दिशा दी जा सके।
विशेषज्ञों का मानना है कि आईआरसीटीसी जैसे राष्ट्रीय स्तर के संस्थान के साथ सहयोग से एचपीटीडीसी को व्यापक विपणन मंच मिलेगा, जिससे हिमाचल प्रदेश के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

Share the news