मनाली में युवक की संदिग्ध मौत, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन का पोता था मृतक

मनाली। जिला कुल्लू जिला की पर्यटन नगरी मनाली घूमने आए एक युवक की होटल के कमरे में मौत हो गई। मृतक की पहचान वीर सोरेन के रूप में हुई है, जो झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन का पोता और बाबू सोरेन का बेटा बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मनाली पहुंच गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिविल अस्पताल मनाली से थाना में सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। निरीक्षण के दौरान शव पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।

मृतक के साथ आए उसके मित्र अग्नय वर्मा (निवासी उत्तर प्रदेश) ने बताया कि वे 22 फरवरी को मनाली घूमने आए थे और सिमसा स्थित हिमालयन सैलेट होम स्टे में ठहरे थे। 23 फरवरी को सभी सोलंग/सेथन क्षेत्र घूमने गए और शाम को वापस लौट आए। देर रात करीब 12:30 बजे जब वे कमरे में लौटे तो वीर सोरेन सोया हुआ था। जगाने पर उसने सिर में तेज दर्द की शिकायत की। साथियों ने ऑनलाइन माध्यम से दवाई मंगवाकर दी, जिसके बाद वह फिर सो गया।

दोपहर करीब 2 बजे कमरे से गिरने की आवाज आई। कमरे में जाकर देखा तो वीर सोरेन बैड से नीचे गिरा हुआ था। उसे तुरंत गाड़ी में सिविल अस्पताल मनाली ले जाया गया। अस्पताल ले जाते समय उसके मुंह से झाग निकलना शुरू हो गया था। चिकित्सकों ने काफी देर तक सीपीआर दी, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया।

डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

– प्रिया शर्मा, कुल्लू

Share the news