
कुनिहार: एस.वी.एन. स्कूल, कुनिहार में सत्रांत के अवसर पर आयोजित विदाई समारोह भावनाओं और उत्साह से सराबोर रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की उपस्थिति ने इसे यादगार बना दिया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित था और छात्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
समारोह का मुख्य आकर्षण टाइटल सेरेमनी रही। इस दौरान जानवी को उनकी गरिमा, आत्मविश्वास और विद्यालय में उत्कृष्ट सहभागिता के लिए मिस एस.वी.एन. के खिताब से नवाजा गया। वहीं जतिन चौहान को उनके नेतृत्व कौशल और विद्यालय के प्रति विशेष योगदान के लिए मिस्टर एस.वी.एन. चुना गया।
इसके अतिरिक्त वेदिका को प्रभावशाली व्यक्तित्व और शानदार प्रस्तुति के लिए मिस फेयरवेल तथा आदर्श को सक्रिय भागीदारी और आकर्षक व्यक्तित्व के लिए मिस्टर फेयरवेल का खिताब प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। गीत, नृत्य और भावनात्मक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कई छात्रों ने अपने विद्यालयीन जीवन के अनुभव साझा किए, जिससे माहौल भावुक हो उठा।
विद्यालय के चेयरमैन टी. सी. गर्ग ने अपने संदेश में विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन और कड़ी मेहनत को जीवन का मूल मंत्र बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में सीखे गए संस्कार और मूल्य ही भविष्य की सफलता की मजबूत नींव होते हैं।
प्रधानाचार्य पदम् नाभम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर हों और विद्यालय में अर्जित ज्ञान व संस्कारों को जीवन में उतारें।
हंसी, मुस्कान और नम आंखों के बीच संपन्न हुआ यह विदाई समारोह विद्यालय के इतिहास में एक यादगार अध्याय बन गया।





