दून में विकास को नई रफ्तार: 66 करोड़ की सड़क परियोजना का शुभारंभ, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा विकास – राम कुमार चौधरी

दून विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक राम कुमार चौधरी ने ग्राम पंचायत हरिपुर संडोली के गांव शीतलपुर में लगभग 66 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया। यह सड़क शीतलपुर से जगातखाना तक (दासो माजरा, चुंडी, सरसा पार होते हुए) निर्मित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इस परियोजना का शिलान्यास पूर्व में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा उनके बद्दी दौरे के दौरान किया गया था। वर्ष 2022-23 की विधायक प्राथमिकताओं में शामिल इस योजना को सरकार ने मंजूरी देते हुए पूरी राशि उपलब्ध करवाई।
विधायक ने बताया कि यह सड़क बद्दी-नालागढ़ मुख्य मार्ग के जीरो प्वाइंट से शुरू होकर हरियाणा सीमा के साथ जगातखाना (नालागढ़-रोपड़ मार्ग) तक जाएगी। इससे न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई दिशा मिलेगी। फिलहाल इसे डबल लेन बनाया जा रहा है, जिसे भविष्य में प्रस्तावित ‘हिम चंडीगढ़ शहर’ को ध्यान में रखते हुए फोरलेन में विस्तारित करने की योजना है।
उन्होंने जानकारी दी कि पंजाब-हिमाचल सीमा के साथ मिर्जापुर क्षेत्र से होकर एक और फोरलेन सड़क प्रस्तावित है, जो सीधे चंडीगढ़ से जुड़ेगी। इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और मजबूत होगी।
विधायक ने बताया कि सरसा पार क्षेत्र के 14-15 गांवों को जोड़ने के लिए बद्दी-शीतलपुर और दासोमाजरा में पुलों का निर्माण किया जा चुका है, जबकि चुंडी गांव के पास पुल निर्माण कार्य प्रगति पर है।
‘हिम चंडीगढ़ शहर’ परियोजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे रोजगार, व्यापार और उद्योग के नए अवसर पैदा होंगे। इस परियोजना के लिए निजी भूमि का अधिग्रहण नहीं होगा, बल्कि लगभग 7 हजार बीघा सरकारी भूमि पर ही विकास कार्य किए जाएंगे।
आगामी पंचायत चुनावों को लेकर उन्होंने लोगों से अपील की कि आपसी सहमति से प्रतिनिधियों का चयन करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि ऐसी पंचायतों को सरकार द्वारा 25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
इस दौरान विधायक ने शीतलपुर, कल्याणपुर और लंड्याल गांवों में विकास कार्यों के लिए अपनी विधायक निधि से 20 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share the news