निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा: उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

कुल्लू,
पंचायती राज संस्थाओं एवं शहरी स्थानीय निकायों के निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने जिले के समस्त उपमंडलाधिकारी (ना०) तथा खंड विकास अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नामांकन प्रक्रिया से संबंधित सभी सूचनाएं प्रतिदिन जिला मुख्यालय को अनिवार्य रूप से प्रेषित की जाएं, ताकि पूरी प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए पोलिंग पार्टियों का समयबद्ध प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन समय पर किया जाए तथा सभी कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

इसके अतिरिक्त उन्होंने मतगणना के लिए भी सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना स्थलों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं, सुरक्षा प्रबंध तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे निर्वाचन कार्य निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्वाचन से जुड़े प्रत्येक कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करें, ताकि जिले में चुनाव प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
कुल्लू ब्यूरो रिपोर्ट सुशांत शर्मा….

Share the news