
खबर अभी अभी ,
रिकांगपिओ/किन्नौर:
जनजातीय जिला किन्नौर के पोवारी बैराज साइट पर शुक्रवार को अचानक हुए भूस्खलन से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना के दौरान बैराज परियोजना में कार्यरत मजदूरों ने समय रहते मौके से भागकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
भूस्खलन के कारण भारी मात्रा में मलबा और पत्थर नीचे की ओर आने लगे, जिससे पोवारी स्थित पेट्रोल पंप और आसपास के रिहायशी मकानों पर खतरा उत्पन्न हो गया है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा और स्थानीय लोग भय के साये में हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहाड़ी से अचानक मलबा और चट्टानें गिरनी शुरू हो गईं, जिसके चलते परियोजना स्थल पर काम कर रहे मजदूरों को तत्काल सुरक्षित स्थानों की ओर हटाया गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र का जल्द निरीक्षण कर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं भूस्खलन के बाद संवेदनशील इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
लगातार हो रहे भूस्खलनों के चलते किन्नौर के कई क्षेत्र जोखिम की जद में हैं। ऐसे में स्थानीय निवासियों ने संवेदनशील स्थलों पर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था और भू-स्खलन रोकथाम के प्रभावी उपाय करने की मांग उठाई है।





