
खबर अभी अभी
कुल्लू –
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की जिला कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक पार्टी कार्यालय ‘अशोक भवन’, लोअर ढालपुर में वरिष्ठ सदस्य कॉमरेड नील चंद की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें विशेष रूप से पार्टी राज्य केंद्र से राज्य सचिवालय सदस्य डॉ. ओंकार शाद और प्रेम गौतम उपस्थित रहे। बैठक में मौजूदा राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक हालात पर चर्चा करते हुए डॉ. ओंकार शाद ने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर पूंजीवादी व्यवस्था अमेरिकी साम्राज्यवाद और इजरायल के साथ मिलकर वेनेजुएला, इराक, फिलिस्तीन और लेबनान जैसे देशों पर युद्ध थोपकर उनके पेट्रोलियम व प्राकृतिक संसाधनों पर कब्जा कर रही है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था पर गहरा असर पड़ा है और तेल, उर्वरकों तथा खाद्य वस्तुओं की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में तेजी से पूंजीपति-परस्त और गरीब-विरोधी नवउदारवादी नीतियां लागू की जा रही हैं, जिससे अमीर और अमीर तथा गरीब और गरीब हो रहा है। हाल ही में पेट्रोलियम पदार्थों और रसोई गैस की कीमतों में हुई बढ़ोतरी ने जनता पर भारी बोझ डाला है और पांच राज्यों के चुनाव नतीजों के तुरंत बाद जिस तेजी से ‘श्रम संहिता’ (लेबर कोड) की अधिसूचना जारी कर इसे लागू करने की कोशिश की जा रही है, वह देश के लगभग 50 करोड़ कामकाजी वर्ग को पूंजीपतियों का गुलाम बनाने की एक बड़ी साजिश है। इसके साथ ही उन्होंने राम मंदिर में हुई चोरी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इस वारदात ने भाजपा के दोहरे चरित्र को पूरी तरह उजागर कर दिया है।

राज्य के हालात पर बात रखते हुए प्रेम गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार भी केंद्र से आर्थिक मदद हासिल करने के नाम पर नव उदारवादी नीतियों को धड़ल्ले से लागू कर रही है, जिसके तहत स्कूलों-कॉलेजों को बंद किया जा रहा है, ‘स्मार्ट मीटर’ के नाम पर बिजली का निजीकरण किया जा रहा है और जनसेवाओं में कटौती कर तरह-तरह के सेस व टैक्स बढ़ाकर जनता पर बोझ डाला जा रहा है, जिसे ‘आत्मनिर्भर हिमाचल’ का नाम दिया जा रहा है। बैठक में कुल्लू अस्पताल में प्रसव के एक दिन बाद एक महिला मंजू शर्मा की हुई आकस्मिक मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई और कहा गया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली व पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के बजट में लगातार हो रही कटौती के कारण डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और दवाओं की भारी कमी है, जिससे जनता को अपनी जान तक गंवानी पड़ रही है। नेताओं ने कुल्लू की मौजूदा घटना का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार पूरे देश में धर्म, जाति और क्षेत्र के नाम पर नफरत फैलाकर विभाजनकारी नीतियां चला रही है, जिसका नतीजा है कि कुल्लू में भी आरक्षण के नाम पर अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के लोगों के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणियां की जा रही हैं। पार्टी जिला कमेटी इन हरकतों की कड़े शब्दों में निंदा करती है, प्रशासन से ऐसे तत्वों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करती है और सभी वर्गों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करती है। बैठक के अंत में संकल्प लिया गया कि भविष्य में इन नीतियों के चलते आम जनता पर सरकारों के हमले और बढ़ेंगे, जिसके खिलाफ पार्टी जनता को लामबंद करते हुए जनहित में वैकल्पिक नीतियां बनाने के लिए जनसंघर्षों को और तेज करेगी।





