
3/8/2026
धर्मशाला
खबर अभी अभी
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश को राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (SDRF) के तहत 193.95 करोड़ की अग्रिम किस्त जारी किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि मानसून आपदा के बीच केंद्र सरकार प्रदेश के साथ मजबूती से खड़ी है और राहत व बचाव कार्यों को गति देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 की दूसरी केंद्रीय किस्त समय से पहले जारी की गई है।
संजय शर्मा ने कहा कि यह राशि आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की बहाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि केंद्र से मिली सहायता का उपयोग पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के प्रभावित लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि राहत कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।





