
4/8/2026
मंडी
खबर अभी अभी
मंडी से भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत के किसान आंदोलन पर दिए गए कथित बयान से जुड़े मामले में मंगलवार को आगरा की विशेष एमपी-एमएलए अदालत में सुनवाई होनी है। मामले में अदालत आज अपना फैसला सुना सकती है।
यह मामला कंगना रनौत के उस बयान से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने किसान आंदोलन के दौरान कथित तौर पर कहा था कि आंदोलन के दौरान “रेप और मर्डर” जैसी घटनाएं हुई थीं। इन टिप्पणियों के बाद आगरा के अधिवक्ता रामाशंकर शर्मा ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले में पहले अंतिम बहस पूरी हो चुकी थी, लेकिन फैसला टल गया था। कंगना रनौत की ओर से अदालत में एक आवेदन देकर निर्णय को स्थगित करने का अनुरोध किया गया था। उनका पक्ष था कि शिकायतकर्ता को अतिरिक्त अवसर दिया गया, इसलिए बचाव पक्ष को भी समान अवसर मिलना चाहिए। वहीं शिकायतकर्ता ने इस मांग का विरोध करते हुए कहा कि सुनवाई पूरी हो चुकी है और अब फैसला सुनाया जाना चाहिए।
अब इस मामले में सभी की निगाहें आगरा की विशेष एमपी-एमएलए अदालत के फैसले पर टिकी हैं, जो आज सुनाया जा सकता है।






