
4/8/2026
ऊना
खबर अभी अभी
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर एक महिला से सोने की बालियां लूट लीं। पीड़ित दंपती पथरी का ऑपरेशन करवाकर घर लौट रहा था, तभी आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, रास्ते में कुछ लोगों ने दंपती को पानी पीने के लिए रोकने का इशारा किया। जैसे ही वे रुके, आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर उन्हें धमकाया और महिला के कानों से सोने की बालियां छीन लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






