झूठे मुकदमों के विरोध में शिमला में भाजपा का धरना-प्रदर्शन, कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी

5/8/2026
शिमला
खबर अभी अभी

हिमाचल प्रदेश में विपक्षी नेताओं पर कथित झूठे मुकदमे दर्ज किए जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को शिमला में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “बदला-बदली-अत्याचार, नहीं चलेगी यह सरकार” जैसे नारे लगाए और कहा कि प्रदेश सरकार राजनीतिक द्वेष की भावना से विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की आवाज दबाने के लिए झूठे मुकदमे दर्ज कराना उचित नहीं है। उनका कहना था कि सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।

प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार से विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज कथित झूठे मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति बंद करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस दिशा में उचित कदम नहीं उठाए तो भाजपा प्रदेशभर में अपना आंदोलन और तेज करेगी।

धरना-प्रदर्शन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Share the news