
5/8/2026
कुल्लू
खबर अभी अभी
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की कुल्लू इकाई ने बुधवार को छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान परिषद कार्यकर्ताओं ने छात्र संघ चुनाव तत्काल बहाल करने और हिमाचल प्रदेश के तीनों विश्वविद्यालयों में की गई फीस वृद्धि वापस लेने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान परिषद कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्र संघ चुनाव विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर प्रदान करते हैं और महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में छात्रों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए छात्र संघ चुनावों को बिना देरी के बहाल किया जाना चाहिए।
एबीवीपी ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालयों में लगातार बढ़ाई जा रही फीस विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। परिषद ने मांग की कि छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए तीनों विश्वविद्यालयों में लागू की गई फीस वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।
इस अवसर पर कुल्लू इकाई के सह-सचिव सुभाष ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी का अधिकार है और अनावश्यक फीस वृद्धि के कारण किसी भी छात्र की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। वहीं, इकाई कार्यकर्ता शगुन ने कहा कि छात्र संघ चुनावों की बहाली से विद्यार्थियों की आवाज को मजबूती मिलेगी और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव होगा।
कुल्लू इकाई के उपाध्यक्ष अरमान ने भी विश्वविद्यालयों में बढ़ाई गई फीस को वापस लेने की मांग दोहराते हुए कहा कि सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों के हित में शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो संगठन प्रदेशभर में अपना आंदोलन और तेज करेगा।







