
5/8/2026
मंडी
खबर अभी अभी
सरकाघाट में हर्षोल्लास से मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस, शहीदों के परिजन और उत्कृष्ट व्यक्तियों का होगा सम्मानउपमंडल सरकाघाट में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) सरकाघाट के प्रांगण में पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को एसडीएम राजेंद्र कुमार गौतम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
बैठक में कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए स्वच्छता, पेयजल, बिजली, बैठक व्यवस्था, यातायात, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। एसडीएम ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
एसडीएम राजेंद्र कुमार गौतम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का पावन अवसर है। यह राष्ट्रीय पर्व देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ समारोह को भव्य और गरिमामय बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने शिक्षा विभाग को परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बेहतर तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
एसडीएम ने बताया कि समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों के परिजनों तथा शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में तहसीलदार मनीश कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भूपेंद्र पाल, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता आशीष देव, एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक राजकुमार, सीडीपीओ जगदीश शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी पूनम शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव, अग्निशमन विभाग के जयपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







