
5/8/2026
कुल्लू | खबर अभी अभी
NEET पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को कुल्लू में यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेस राम आज़ाद की अध्यक्षता में सर्किट हाउस कुल्लू में बैठक आयोजित की गई, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस से ढालपुर चौक तक रोष रैली निकाली। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला फूंका गया।
प्रदर्शन में हिमाचल प्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रभारी तरुण ठाकुर, सह प्रभारी ज्योति (ऑल इंडिया यूथ कांग्रेस की सचिव एवं हिमाचल प्रदेश की सह प्रभारी), कार्तिक चौधरी सहित यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शन में करीब 100 युवाओं ने भाग लिया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेस राम आज़ाद ने आरोप लगाया कि देशभर में लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इन मामलों में जवाबदेही तय करने में विफल रही है और युवाओं के साथ न्याय नहीं हो रहा।
उन्होंने कहा कि संसद में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी पेपर लीक का मुद्दा प्रमुखता से उठाया है। उनका कहना था कि यदि युवाओं से जुड़े मुद्दों की अनदेखी जारी रही तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।
इस दौरान सेस राम आज़ाद ने मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत के हालिया बयान पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी उसका भी विरोध करेगी।
यूथ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन युवाओं के भविष्य की रक्षा, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर आयोजित किया गया। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार भी व्यक्त किया।





