
7/8/2026
कुल्लू
खबर अभी अभी
79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह 15 अगस्त 2026 को कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस संबंध में कार्यवाहक उपायुक्त कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
कार्यवाहक उपायुक्त ने बताया कि समारोह में हिमाचल प्रदेश पुलिस, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट्स एंड गाइड्स तथा रोवर्स एंड रेंजर्स की टुकड़ियां आकर्षक मार्च पास्ट में हिस्सा लेंगी। इसके अलावा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, विभिन्न शिक्षण संस्थानों और अन्य संस्थाओं के कलाकार देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ लोकनृत्य प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समारोह के लिए समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बरसात के मौसम को देखते हुए मुख्य मंच के साथ-साथ दर्शकों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, बिजली, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
सुरजीत सिंह राठौर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश का राष्ट्रीय पर्व है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और जिला के लोगों से समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान और उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी करेगा।
बैठक में सहायक आयुक्त डॉ. जयबंती ठाकुर, तहसीलदार नितेश तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







