सुधीर शर्मा पर मनोज ठाकुर का हमला, बोले- जांच एजेंसियों का सहयोग करें, संपत्ति वैध है तो डरने की जरूरत नहीं वूल फेडरेशन चेयरमैन ने कहा- सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा का होना जरूरी, कानून अपना काम करेगा

7/8/2026
धर्मशाला
खबर अभी अभी

हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के चेयरमैन मनोज ठाकुर ने पत्रकार वार्ता के दौरान विधायक सुधीर शर्मा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में इस प्रकार की भाषा उचित नहीं है।

मनोज ठाकुर ने कहा कि सुधीर शर्मा की जिस सौम्य और सभ्य छवि की चर्चा होती रही है, वह अब जनता के सामने स्पष्ट हो चुकी है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक मंचों पर मर्यादित भाषा का प्रयोग होना चाहिए।

सुधीर शर्मा की संपत्ति को लेकर उठ रहे सवालों पर मनोज ठाकुर ने कहा कि यदि उनकी पूरी संपत्ति वैध तरीके से अर्जित की गई है तो उन्हें जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करना चाहिए और किसी प्रकार का भय नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई अवैध संपत्ति सामने आती है तो कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से कार्य करती हैं और उन्हें कार्रवाई के लिए किसी राजनीतिक व्यक्ति की अनुमति की आवश्यकता नहीं होती। प्रदेश सरकार का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं है, बल्कि कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

पत्रकार वार्ता के दौरान मनोज ठाकुर ने भाजपा शासित राज्यों में बुलडोजर कार्रवाई का भी जिक्र किया। साथ ही उन्होंने गद्दी समुदाय से जुड़े एक पुराने घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि समुदाय आज भी उस घटना को नहीं भूला है।

Share the news