
27 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | ऊना

पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा नेता वीरेंद्र कंवर ने पत्रकार वार्ता कर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर महिलाओं, युवाओं, किसानों और समाज के विभिन्न वर्गों से किए गए वादे पूरे न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सरकार बनने के बाद उन वादों को पूरा करने के बजाय नई-नई शर्तें लागू कर दी गईं।
वीरेंद्र कंवर ने महिलाओं को हर माह 1500 रुपये देने के कांग्रेस के वादे पर सवाल उठाते हुए कहा कि योजना का लाभ देने के लिए कई शर्तें लगा दी गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरी करने वाली और पेंशन लेने वाली महिलाओं को इस योजना से बाहर रखा गया है।
पूर्व मंत्री ने दावा किया कि सरकार ने पांच लाख महिलाओं को योजना का लाभ देने और इसके लिए करीब 800 करोड़ रुपये खर्च करने की बात कही थी, लेकिन उनके अनुसार वर्ष 2025 और 2026 के उपलब्ध आंकड़ों में केवल 35,687 महिलाओं को ही इसका लाभ मिला है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इनमें से भी कई महिलाओं को केवल एक ही किस्त जारी की गई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना समेत अन्य योजनाओं की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि महिलाओं को बार-बार आवेदन और फार्म भरने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से पूछा कि वर्ष 2024 में कितने आवेदन प्राप्त हुए, कितने आवेदनों का सत्यापन किया गया, कितनों को मंजूरी मिली और कितनी महिलाओं को योजना का वास्तविक लाभ पहुंचा।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने महिलाओं, युवाओं और किसानों समेत समाज के हर वर्ग से वादे किए थे, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब सरकार की कार्यप्रणाली को समझ चुकी है और आने वाले चुनाव में जनता अपने मत के माध्यम से इसका जवाब देगी।
उन्होंने सरकार से चुनावी वादों पर स्थिति स्पष्ट करने और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने की मांग की।





