
खबर अभी अभी | 03 सितंबर 2026 | शिमला

शिमला। देवभूमि ग्रुप कम्पनीज के संस्थापक, चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक राजेंद्र वशिष्ट को फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) का हिमाचल प्रदेश राज्य अध्यक्ष चुना गया है। वर्ष 2026-28 के कार्यकाल के लिए मिली यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदेश के ऑटोमोबाइल सेक्टर में उनके लंबे अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सफल कारोबारी सफर को दर्शाती है।
राजेंद्र वशिष्ट के नेतृत्व में देवभूमि ग्रुप कम्पनीज ने हिमाचल प्रदेश के ऑटोमोबाइल कारोबार में मजबूत और भरोसेमंद पहचान बनाई है। वर्ष 2011 में ऑटोमोबाइल रिटेल सेक्टर में कदम रखने के बाद समूह ने लगातार अपने कारोबार और नेटवर्क का विस्तार किया। आज देवभूमि ग्रुप प्रदेश के प्रमुख ऑटोमोबाइल डीलर समूहों में अपनी अलग पहचान बना चुका है।
वर्तमान में देवभूमि ग्रुप हिमाचल प्रदेश में Hyundai का मंडी, कुल्लू, बिलासपुर और शिमला जिलों में अधिकृत डीलर है। इन क्षेत्रों में कंपनी के आधुनिक शोरूम और वर्कशॉप संचालित हो रहे हैं, जहां उपभोक्ताओं को वाहनों की बिक्री के साथ-साथ बिक्री-पश्चात सेवाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
इसके अलावा Škoda Auto India की पूरे हिमाचल प्रदेश की डीलरशिप भी देवभूमि ग्रुप कम्पनीज के पास है। मंडी और सोलन में कंपनी के आधुनिक शोरूम संचालित किए जा रहे हैं। प्रदेशभर में मजबूत नेटवर्क, बेहतर सेवाओं और ग्राहकों के विश्वास के दम पर समूह ने ऑटोमोबाइल रिटेल सेक्टर में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।
राजेंद्र वशिष्ट के नेतृत्व में देवभूमि ग्रुप का कारोबार हिमाचल प्रदेश की सीमाओं से बाहर भी विस्तार कर चुका है। समूह ने पंजाब के ऑटोमोबाइल डीलरशिप कारोबार में भी मजबूत कदम रखा है। टाटा मोटर्स के साथ पूरे रोपड़ जिले की डीलरशिप अब देवभूमि ग्रुप के पास है। इसके साथ ही समूह हिमाचल से बाहर पंजाब के ऑटोमोबाइल कारोबार में सक्रिय होने वाले प्रदेश के प्रमुख व्यापारिक घरानों में शामिल हो गया है।
देवभूमि ग्रुप कम्पनीज ऑटोमोबाइल सेक्टर के माध्यम से एक हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध करवाने का दावा करता है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में फैले शोरूम, वर्कशॉप और डीलरशिप नेटवर्क ने स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने के साथ-साथ प्रदेश के ऑटोमोबाइल उद्योग को भी मजबूती प्रदान की है।
ऑटोमोबाइल सेक्टर के साथ-साथ देवभूमि ग्रुप कम्पनीज ने होटल इंडस्ट्री, सिनेमा, ग्रीन एनर्जी और अन्य क्षेत्रों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई है। समूह के अनुसार, यह विस्तार संस्थापक राजेंद्र वशिष्ट की दूरदर्शी सोच, कुशल नेतृत्व और नए क्षेत्रों में आगे बढ़ने की रणनीति का परिणाम है।
अब FADA के हिमाचल प्रदेश राज्य अध्यक्ष के रूप में राजेंद्र वशिष्ट के सामने प्रदेश के ऑटोमोबाइल डीलरों के हितों को आगे बढ़ाने की नई जिम्मेदारी होगी। वह प्रदेश के डीलरों से जुड़े मुद्दों और चुनौतियों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के साथ-साथ ऑटो रिटेल सेक्टर के विकास और उद्योग हितों से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाने में भूमिका निभाएंगे।





