
खबर अभी अभी | 03 सितंबर 2026 | कुल्लू

कुल्लू। आबकारी विभाग ने अवैध शराब के परिवहन और अंतरराज्यीय तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल्लू-मनाली फोरलेन मार्ग पर जरड के समीप पंजाब में बिक्री के लिए ले जाई जा रही 500 पेटी बीयर बरामद की है। बरामद बीयर में कुल 7,200 बोतलें शामिल हैं। विभाग ने शराब ले जा रहे वाहन को जब्त कर भुंतर पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई है।
आबकारी विभाग की टीम ने 3 सितंबर 2026 को सुबह करीब 7:40 बजे जरड स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के समीप नाकाबंदी और निरीक्षण के दौरान एक ट्रक को जांच के लिए रोका। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में बीयर की पेटियां बरामद हुईं। बरामद बीयर की पेटियों पर ‘पंजाब में बिक्री के लिए’ अंकित पाया गया।
कार्रवाई के दौरान चालक से शराब के परिवहन से संबंधित आवश्यक पास, परमिट और अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह मौके पर कोई संतोषजनक एवं वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारंभिक जांच में बरामद बीयर पंजाब राज्य में बिक्री के लिए निर्धारित पाई गई।
बरामद बीयर में ट्यूबॉर्ग स्ट्रॉन्ग की 650 मिलीलीटर की 294 पेटियां, बडवाइजर मैग्नम की 500 मिलीलीटर की 100 पेटियां और किंगफिशर स्ट्रॉन्ग की 650 मिलीलीटर की 106 पेटियां शामिल थीं। इस तरह कुल 500 पेटियां बरामद की गईं। इनमें 650 मिलीलीटर की 4,800 बोतलें और 500 मिलीलीटर की 2,400 बोतलें शामिल हैं। कुल मिलाकर 7,200 बोतलें बरामद हुई हैं।
यह कार्रवाई सुरेश शर्मा, सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी, जिला कुल्लू; गंगाराम, सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी, बंजार वृत्त; अशोक कुमार, आबकारी पुलिस आरक्षी तथा चालक सुरेश कुमार की टीम ने की।
विभागीय कार्रवाई के बाद मामले में भुंतर पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई और प्रकरण को आगामी कानूनी कार्रवाई एवं जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया। बरामद बीयर और संबंधित वाहन को नियमानुसार कब्जे में लिया गया है। मामले में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39(1) के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उपायुक्त, राज्य कर एवं आबकारी, कुल्लू ने कहा कि विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राजस्व की चोरी तथा हिमाचल प्रदेश में अवैध रूप से शराब के परिवहन या व्यापार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जांच एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





