सिद्धेश्वर धाम पहुंचे पीआईबी शिमला के 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल, 108 फीट ऊंची शिव प्रतिमा और 12 ज्योतिर्लिंगों के प्रतिरूप ने खींचा ध्यान

15 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | नामची, दक्षिण सिक्किम

नामची, दक्षिण सिक्किम। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) शिमला द्वारा आयोजित अध्ययन एवं अनुभव यात्रा के तहत पीआईबी शिमला के 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण सिक्किम के नामची स्थित प्रसिद्ध सिद्धेश्वर धाम (चारधाम) का दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सिद्धेश्वर धाम के धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को करीब से जाना तथा परिसर में मौजूद विभिन्न धार्मिक स्थलों एवं प्रतिरूपों का अवलोकन किया।

सोलोफोक पहाड़ी पर स्थित सिद्धेश्वर धाम सिक्किम के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल है। प्राकृतिक सुंदरता के बीच स्थित यह धाम श्रद्धालुओं के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र है।

108 फीट ऊंची शिव प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र

धाम परिसर में भगवान शिव की 108 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित है, जो यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण है। इस विशाल प्रतिमा के चारों ओर देश के 12 प्रमुख ज्योतिर्लिंगों के प्रतिरूप स्थापित किए गए हैं।

इनमें सोमनाथ, मल्लिकार्जुन, महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, केदारनाथ, भीमाशंकर, काशी विश्वनाथ, त्र्यंबकेश्वर, वैद्यनाथ, नागेश्वर, रामेश्वर और घृष्णेश्वर शामिल हैं।

इन प्रतिरूपों के माध्यम से श्रद्धालुओं को देश के विभिन्न प्रमुख शिव तीर्थों की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं से एक ही स्थान पर परिचित होने का अवसर मिलता है।

एक परिसर में चारों धामों के प्रतिरूप

सिद्धेश्वर धाम परिसर की एक अन्य महत्वपूर्ण विशेषता यहां देश के चार प्रमुख धामों के प्रतिरूपों की स्थापना है। परिसर में बद्रीनाथ, जगन्नाथ, द्वारका और रामेश्वरम के प्रतिरूप भी स्थापित किए गए हैं।

इस तरह सिद्धेश्वर धाम में भारत की प्रमुख धार्मिक एवं तीर्थ परंपराओं को एक ही परिसर में दर्शाया गया है, जो इसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से विशिष्ट पहचान प्रदान करता है।

सिक्किम की आध्यात्मिक विरासत से हुए परिचित

मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने धाम परिसर का भ्रमण करते हुए भगवान शिव की विशाल प्रतिमा, 12 ज्योतिर्लिंगों तथा चार प्रमुख धामों के प्रतिरूपों का अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने सिद्धेश्वर धाम से जुड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की और सिक्किम की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत को करीब से समझा।

पीआईबी द्वारा आयोजित इस अध्ययन एवं अनुभव यात्रा के दौरान सिद्धेश्वर धाम का दौरा मीडिया प्रतिनिधियों के लिए सिक्किम की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को जानने का महत्वपूर्ण अवसर रहा। इस यात्रा के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल ने सिक्किम के प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ यहां मौजूद धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को भी करीब से अनुभव किया।

Share the news