
15 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 69वें राष्ट्रमण्डल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए सोमवार को दक्षिण अफ्रीका की विधायी राजधानी केपटाउन पहुंच गए। पठानियां सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे केपटाउन पहुंचे। उनके साथ हिमाचल प्रदेश विधानसभा के सचिव यशपाल शर्मा भी सचिवों के सम्मेलन में भाग लेने के लिए केपटाउन गए हैं।
69वां राष्ट्रमण्डल संसदीय सम्मेलन 14 से 17 सितंबर 2026 तक केपटाउन में आयोजित किया जा रहा है। कुलदीप सिंह पठानियां सम्मेलन की विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे और 17 सितंबर तक केपटाउन में रहेंगे।
गौरतलब है कि पठानियां रविवार रात करीब 2:30 बजे नई दिल्ली से वायु मार्ग के माध्यम से केपटाउन के लिए रवाना हुए थे।
दिव्यांगजनों की संसद में भागीदारी पर देंगे संबोधन
अंतरराष्ट्रीय राष्ट्रमण्डल संसदीय सम्मेलन में कुलदीप सिंह पठानियां भारतीय प्रतिनिधि के रूप में “सुलभ संसद: भारत की संसद में दिव्यांगजनों की भागीदारी” विषय पर अपना संबोधन देंगे।
इस दौरान वह संसद को अधिक समावेशी और दिव्यांगजनों के लिए सुगम बनाने से जुड़े विषयों पर भारत के अनुभव और प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा करेंगे।
28 राज्यों के पीठासीन अधिकारी होंगे शामिल
सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष एवं सीपीए इंडिया के प्रमुख ओम बिरला भी भाग ले रहे हैं। इसके अलावा भारत के 28 राज्यों के पीठासीन एवं उप पीठासीन अधिकारी तथा सचिव भी सम्मेलन में शामिल होंगे।
दक्षिण अफ्रीका की तीन राजधानियां
दक्षिण अफ्रीका दुनिया के उन देशों में शामिल है, जिसकी तीन राजधानियां हैं। प्रिटोरिया देश की प्रशासनिक राजधानी है, जहां राष्ट्रपति का कार्यालय और मंत्रिमंडल की बैठकें होती हैं। केपटाउन विधायी राजधानी है, जहां देश की संसद स्थित है। वहीं, ब्लोमफोंटेन न्यायिक राजधानी है, जहां सर्वोच्च अपील न्यायालय स्थित है।
सम्मेलन के बाद कई देशों का करेंगे अध्ययन प्रवास
सम्मेलन के उपरांत विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां कई देशों के अध्ययन प्रवास पर भी रहेंगे। इस दौरान विभिन्न देशों की संसदीय व्यवस्थाओं, कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े विषयों का अध्ययन किया जाएगा।





