बीएसएनएल हिमाचल परिमंडल में हिंदी पखवाड़े का समापन, विजेताओं को मिले पुरस्कार

14 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) हिमाचल परिमंडल मुख्यालय कसुम्पटी में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी पखवाड़े के समापन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में हिमाचल प्रदेश दूरसंचार परिमंडल के मुख्य महाप्रबंधक हर्ष वर्धन सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्य महाप्रबंधक हर्ष वर्धन सिंह ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग से सरकारी कामकाज को अधिक सहज और जनसुलभ बनाया जा सकता है।

समारोह के दौरान राजभाषा अधिकारी विजय कुमार शर्मा ने मंच संचालन किया। उन्होंने संघ की राजभाषा नीति तथा राजभाषा हिंदी से संबंधित संवैधानिक प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा के महत्व और सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।

समापन समारोह में प्रधान महाप्रबंधक राजन कम्बोज, महाप्रबंधक राजेन्द्र कुमार, वरिष्ठ मुख्य अभियंता अखलेश अग्रवाल, उप महाप्रबंधक पंकज गुप्ता, उप महाप्रबंधक राज कुमार शर्मा तथा उप महाप्रबंधक राजेश नेगी सहित बीएसएनएल के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

समारोह में हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। अधिकारियों ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को और अधिक बढ़ावा देने पर जोर दिया।

Share the news