
24 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला।

चौपाल उपमंडल के नेरवा क्षेत्र की टेलर पंचायत के टेलर गांव से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां दो सगी बहनों की मौत हो गई। मृत बच्चियों की पहचान 11 वर्षीय महक और 8 वर्षीय कनक, पुत्रियां जितेंद्र चौहान के रूप में हुई है। दोनों की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, 20 सितंबर की सुबह परिजनों ने दोनों बहनों को उनके कमरे में बेसुध अवस्था में पाया। परिजन तत्काल दोनों को उपचार के लिए उत्तराखंड के नजदीकी त्यूणी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें त्यूणी-रोहड़ू अस्पताल रेफर किया गया।
हालत में सुधार नहीं होने पर दोनों बच्चियों को बेहतर उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। चिकित्सकों ने दोनों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
दोनों बच्चियों के शवों का शिमला में पोस्टमार्टम करवाने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तहसीलदार नेरवा कुश कुमार के अनुसार, प्रथम दृष्टया दोनों बच्चियों की मौत का कारण सर्पदंश माना जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
प्रशासन के अनुसार, यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सर्पदंश से मौत की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार प्रभावित परिवार को राहत राशि प्रदान की जाएगी। फिलहाल परिवार और प्रशासन को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
एक ही परिवार की दो मासूम बेटियों की मौत की इस घटना से क्षेत्र में गहरा शोक है।





