बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के तहत किशोरियों का एक्सपोजर विजिट

24 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सरकाघाट।

‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत बाल विकास परियोजना गोपालपुर स्थित सरकाघाट द्वारा पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सरकाघाट की करीब 50 किशोरियों के लिए एक्सपोजर विजिट आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को महिला सुरक्षा, वित्तीय साक्षरता, लैंगिक समानता, बालिका सशक्तिकरण और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।

इस दौरान किशोरियों ने मिनी सचिवालय स्थित एसडीएम कार्यालय और पुलिस चौकी सरकाघाट का शैक्षणिक भ्रमण किया और प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।

एसडीएम राजेंद्र कुमार गौतम ने छात्राओं से संवाद करते हुए वाहन पंजीकरण, लाइसेंस, भू-राजस्व और न्यायिक प्रक्रिया सहित विभिन्न प्रशासनिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से उनके सपनों और भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा की तथा मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने किशोरियों को नशे से दूर रहने और अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

पुलिस चौकी में थाना प्रभारी रजनीश ठाकुर ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा और पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में किशोरियां बिना झिझक पुलिस की सहायता ले सकती हैं।

बाल विकास परियोजना गोपालपुर के पर्यवेक्षक अनिल ठाकुर ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के उद्देश्यों के साथ बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण से संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न विषयों को लेकर अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं और अधिकारियों से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। एक्सपोजर विजिट के माध्यम से किशोरियों को प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था की व्यावहारिक जानकारी देने के साथ उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

Share the news