मेहली में नए पंचायत सामुदायिक घर का लोकार्पण, स्कूल में हर्बल गार्डन का उद्घाटन

25 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला।

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और विकास की नींव पंचायत घरों से रखी जाती है। इसलिए पंचायतों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।

अनिरुद्ध सिंह ने मेहली पंचायत के नए पंचायत सामुदायिक घर का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मेहली में आयोजित कार्यक्रम में हर्बल गार्डन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने घोरपा से शिलडी सड़क का शिलान्यास भी किया।

मंत्री ने बताया कि 1 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए पंचायत भवन में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। भवन में पंचायत सम्मेलन कक्ष, पुस्तकालय, प्रधान एवं पंचायत सचिव के कार्यालय, ग्राम रोजगार सेवक कक्ष, रसोईघर और शौचालय सहित अन्य सुविधाएं हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में इसी तरह नए पंचायत भवनों का निर्माण किया जा रहा है। उनके अनुसार हिमाचल प्रदेश देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां नए पंचायत भवनों का डिजाइन एक समान रखा गया है।

अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि मेहली पंचायत में पिछले दो वर्षों के दौरान करीब 50 लाख रुपये विकास कार्यों पर खर्च किए गए हैं। उन्होंने क्षेत्र में बहुउद्देशीय पार्किंग सुविधा से युक्त भवन के निर्माण की बात भी कही, जिसमें विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की सुविधा होगी। इसके लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है।

युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों से जुड़ने का आह्वान

मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में बड़े खेल मैदान के निर्माण के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है और आगामी समय में इसे विकसित किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को स्वरोजगार के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता उपलब्ध करवा रही है। युवाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार के साधन विकसित करने चाहिए।

अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में कॉन्वेंट स्कूलों की तर्ज पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश के 150 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई बोर्ड के तहत मान्यता दी गई है।

उन्होंने मेहली स्कूल के निर्माणाधीन भवन में चार नए शौचालय बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही स्कूल में खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।

हर्बल गार्डन से विद्यार्थियों को औषधीय पौधों की जानकारी

मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मेहली में हर्बल गार्डन का उद्घाटन किया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न औषधीय पौधों और उनके महत्व की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

एपीएमसी किन्नौर एवं शिमला के अध्यक्ष देवानंद वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों से कोई समझौता नहीं करती। उन्होंने कहा कि मेहली क्षेत्र में कई विकास कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्राथमिक विद्यालयों को स्तरोन्नत कर जमा दो स्तर तक पहुंचाने का कार्य किया है और आत्मनिर्भर हिमाचल के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

यह भी रहे मौजूद

कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी मशोबरा अंकित कोटिया, जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश ठाकुर, उप निदेशक उच्च शिक्षा लेखराज भारद्वाज, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा निशा बलूनी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मेहली की प्रधानाचार्य सुमन चंदेल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसुम्पटी अध्यक्ष अशोक ठाकुर, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राम कृष्ण शांडिल, भूपेंद्र कंवर, राम भज राणा, पंचायत प्रधान मेहली टेक चंद ठाकुर, उप प्रधान विजय सिंह ठाकुर, बीडीसी अध्यक्ष तारा चंद ठाकुर, बीडीसी सदस्य कुलदीप शर्मा, नगर निगम शिमला के पार्षद नरेंद्र ठाकुर, विशाखा मोदी, शांता वर्मा, डिप्टी एडवोकेट जनरल बलविन्द्र, उप प्रधान संजीव ठाकुर सहित अन्य उपस्थित रहे।

Share the news