उदयपुर में बाजार सफलता एवं उद्यमिता प्रशिक्षण पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला

30 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | केलांग

केलांग। उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से जिला लाहौल-स्पीति के उदयपुर में “बाजार सफलता एवं स्थिरता तथा उद्यमिता प्रशिक्षण” विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में क्षेत्र के स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों सहित 70 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को बाजार में सफलता हासिल करने, कारोबार को लंबे समय तक टिकाऊ बनाए रखने और उद्यमिता विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र, लाहौल-स्पीति के महाप्रबंधक सनी ग्रैक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, एंजल ब्रागटा और सुनिधि वर्मा ने मुख्य वक्ता एवं प्रशिक्षक के रूप में प्रशिक्षण सत्र संचालित किए।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को बाजार में अपने उत्पादों को प्रभावी ढंग से स्थापित करने, कारोबार में स्थिरता बनाए रखने तथा आधुनिक ब्रांडिंग, पैकेजिंग और ग्राहक जुड़ाव की रणनीतियों के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर तैयार किए जाने वाले उत्पादों को प्रतिस्पर्धी बाजार तक पहुंचाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

विशेषज्ञों ने उत्पादों की गुणवत्ता और निरंतरता बनाए रखने के महत्व पर जोर देते हुए प्रतिभागियों को बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादों में आवश्यक सुधार करने के संबंध में भी जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर उद्योग विभाग की ओर से बताया गया कि RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत भविष्य में भी इस प्रकार की जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन जारी रखा जाएगा। इन कार्यशालाओं का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को उद्यमिता, बाजार और कारोबार से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाकर उनकी क्षमता को मजबूत करना है।

Share the news