हिमाचल में कांग्रेस की विदाई और भाजपा की वापसी तय, सरकार से परेशान है जनता: श्रीकांत शर्मा

किन्नौर (नाको)
दिनांक: 22 अक्टूबर 2026
खबर अभी अभी

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं मथुरा से विधायक श्रीकांत शर्मा ने किन्नौर जिले के पूह मंडल की संगठनात्मक बैठक को नाको में संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर तीखा राजनीतिक प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता में भारी असंतोष है और आने वाले विधानसभा चुनावों में राज्य में कांग्रेस की विदाई तथा भारतीय जनता पार्टी की वापसी तय है। उन्होंने कहा कि युवा, कर्मचारी, किसान और बागवान सभी वर्ग सरकार के रवैये से परेशान हैं।

विमल नेगी मामले में निष्पक्ष जांच की मांग
विमल नेगी की मौत के प्रकरण का उल्लेख करते हुए श्रीकांत शर्मा ने सरकार की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में प्रभावशाली व्यक्तियों को बचाने और कथित भ्रष्टाचार के पहलुओं को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

किसी भी कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु अत्यंत गंभीर विषय है। पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और सरकार को निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।

भाजपा इस मामले में न्याय की लड़ाई लगातार जारी रखेगी।

‘अपना बूथ सबसे मजबूत’ का दिया मंत्र
संगठनात्मक बैठक में बूथ सशक्तीकरण पर जोर देते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि ‘अपना बूथ, सबसे मजबूत’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि संगठन का मूल आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ समितियों को सक्रिय रखने, नियमित बैठकें करने और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद भाजपा कार्यकर्ता जनजातीय क्षेत्रों में संगठन को निरंतर मजबूत कर रहे हैं।

शिपकी ला बॉर्डर पहुंचे श्रीकांत शर्मा, देश के जवानों से की मुलाकात
संगठनात्मक कार्यक्रम के साथ ही भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण शिपकी ला बॉर्डर का दौरा किया और वहां तैनात वीर जवानों से मुलाकात की।

विषम मौसम और कठिन परिस्थितियों में सीमा की रक्षा कर रहे जवानों के साहस और समर्पण को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे वीर जवानों के त्याग और पराक्रम के कारण ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। उन्होंने जवानों से संवाद कर राष्ट्र के प्रति उनके अमूल्य योगदान के लिए आभार जताया।

Share the news