
31 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

सहकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले और भुट्टिको की स्थापना एवं विकास में अहम भूमिका निभाने वाले स्वर्गीय वेद राम ठाकुर की 55वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर पूर्व बागवानी मंत्री एवं भुट्टिको के अध्यक्ष सत्य प्रकाश ठाकुर ने उन्हें नमन किया। साथ ही स्व. वेद राम ठाकुर की धर्मपत्नी स्वर्गीय गूंहकी देवी की पुण्यतिथि पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर सत्य प्रकाश ठाकुर ने कहा कि आज भुट्टिको जिस मुकाम पर पहुंचा है, उसके पीछे स्व. वेद राम ठाकुर की अथक मेहनत, दूरदर्शिता, लगन और ईमानदारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने हमेशा बुनकर सदस्यों और कर्मचारियों को समर्पण, निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उनके आदर्श और सहकारिता के प्रति समर्पण आज भी संस्था के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी और वर्ष 2023-24 तथा 2024-25 के दौरान आई प्राकृतिक आपदाओं के कारण सभा को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। इन कठिन परिस्थितियों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने वेतन में 35 प्रतिशत तक की कटौती स्वीकार की, जबकि बुनकर सदस्यों ने भी संस्था के हित में 15 दिनों की मजदूरी का त्याग किया। सभी के सामूहिक सहयोग और समर्पण से संस्था अपने कारोबार को निरंतर जारी रखने में सफल रही।
सत्य प्रकाश ठाकुर ने अधिकारियों, कर्मचारियों और बुनकर सदस्यों से संस्था के हितों की रक्षा, उन्नति और विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने तथा स्व. वेद राम ठाकुर के दिखाए सहकारिता, ईमानदारी और कर्मठता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
इंदिरा गांधी और सरदार पटेल को भी किया नमन
कार्यक्रम के दौरान 31 अक्तूबर को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। सत्य प्रकाश ठाकुर ने वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में उनके नेतृत्व, बैंकों के राष्ट्रीयकरण सहित देश के लिए लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों को याद किया।
इसके साथ ही लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर उन्हें भी नमन किया गया। इस अवसर पर देश की विभिन्न रियासतों के एकीकरण और अखंड भारत के निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में कांगड़ा बैंक की पूर्व निदेशक एवं जिला परिषद की पूर्व सदस्य प्रेमलता ठाकुर, सभा के उपाध्यक्ष रोहित ठाकुर, निदेशक मदन लाल, इंद्रा देवी, आत्मा राम, सोहन सिंह, पूर्व हिमबुनकर उपाध्यक्ष ब्रह्म स्वरूप ठाकुर, मुख्य महाप्रबंधक सूरती देवी, मुख्य सलाहकार रमेश ठाकुर, पूर्व मुख्य महाप्रबंधक विजय ठाकुर और महाप्रबंधक किशन चंद सहित सभा के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में बुनकर सदस्य उपस्थित रहे।





