
4 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | नाहन

सिरमौर को तंबाकू मुक्त जिला बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान-4.0’ के तहत प्रशासन ने गतिविधियां तेज करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने संबंधित विभागों को अभियान की तैयार कार्य योजना पर तत्परता से काम करने और तंबाकू नियंत्रण कानूनों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त बुधवार को जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। उन्होंने बताया कि 60 दिवसीय अभियान 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर, 2026 तक चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विशेष रूप से युवाओं को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है।
प्रियंका वर्मा ने संबंधित विभागों को तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थानों की संख्या बढ़ाने और ग्रामीण स्तर पर 50 गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कोटपा अधिनियम, 2003 के प्रावधानों को सख्ती से लागू करने पर भी जोर दिया। इसके तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन, नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद बेचने और शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में इनकी बिक्री पर प्रतिबंध है।
उन्होंने कहा कि अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके लिए गठित कार्यबल होटलों, सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों पर नियमित औचक निरीक्षण करे तथा उल्लंघन पाए जाने पर चालान किए जाएं।
उपायुक्त ने नगर परिषदों और नगर पंचायतों को कूड़ा एकत्रित करने वाली स्वच्छता गाड़ियों के माध्यम से एंटी-टोबैको जिंगल प्रसारित कर लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डॉ. राकेश प्रताप ने बैठक की कार्यवाही का संचालन करते हुए बताया कि अभियान को शैक्षणिक संस्थानों, शहरी निकायों, पंचायती राज संस्थाओं और अन्य प्रशासनिक संस्थानों के सहयोग से लागू किया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को तंबाकू और अन्य नशों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान के तहत तंबाकू मुक्त समाज बनाने की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर जिला पंचायत अधिकारी विक्रम ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वी.के. सांगल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





