मंडी के बेटे ने ऑस्ट्रेलिया में रचा इतिहास! अभिषेक अवस्थी बने ग्रेटर बेंडिगो के पहले भारतीय मूल के मेयर

खबर अभी अभी | मंडी

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के लोअर समखेतर निवासी अभिषेक अवस्थी ने सात समंदर पार ऑस्ट्रेलिया में अपनी प्रतिभा और मेहनत का परचम लहराया है। 43 वर्षीय अभिषेक अवस्थी ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य स्थित ग्रेटर बेंडिगो शहर के पहले भारतीय मूल के मेयर बन गए हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से मंडी सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी की लहर है।

9 नवंबर को द कैपिटल थिएटर में आयोजित विशेष समारोह में अभिषेक अवस्थी ने वर्ष 2026-27 के एक वर्षीय कार्यकाल के लिए मेयर पद की शपथ ली। वहीं, एंड्रिया मेटकॉफ को डिप्टी मेयर चुना गया। खास बात यह है कि अभिषेक को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए सर्वसम्मति से चुना गया।

2008 में गए थे ऑस्ट्रेलिया, दो साल में तय किया मेयर तक का सफर

अभिषेक अवस्थी वर्ष 2008 में उच्च शिक्षा हासिल करने के उद्देश्य से ऑस्ट्रेलिया गए थे। मेहनत, लगन और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के दम पर उन्होंने वहां अपनी अलग पहचान बनाई। वर्ष 2015 में उन्हें ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता मिली। नवंबर 2024 में वह पार्षद चुने गए और इसके बाद डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी भी संभाली।

अब महज दो वर्षों के भीतर सर्वसम्मति से मेयर चुना जाना उनकी राजनीतिक और सामाजिक यात्रा की एक बड़ी उपलब्धि है।

मंडी से ऑस्ट्रेलिया तक चमकाया हिमाचल का नाम

मंडी की धरती से निकलकर ऑस्ट्रेलिया के एक प्रमुख शहर की सर्वोच्च नागरिक जिम्मेदारी तक पहुंचना अभिषेक अवस्थी की मेहनत और उपलब्धियों की मिसाल है। उनकी सफलता न केवल परिवार और गृहक्षेत्र के लिए गर्व का विषय है, बल्कि विदेशों में रहकर अपनी पहचान बनाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए भी प्रेरणा है।

Share the news