पुलिस कांस्टेबल भर्ती-2026: पहले दिन 1,138 अभ्यर्थियों ने लिया भाग, 291 हुए सफल

खबर अभी अभी | कुल्लू

जिला कुल्लू में पुलिस कांस्टेबल भर्ती-2026 के तहत पहले दिन शारीरिक मानक परीक्षा (PST) एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) आयोजित की गई। पुलिस लाइन वाशिंग में 12 नवंबर को आयोजित इस परीक्षा में अभ्यर्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

भर्ती प्रक्रिया के प्रथम दिन कुल 1,500 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए बुलाया गया था। इनमें से 1,138 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई, जबकि 362 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान निर्धारित शारीरिक मानकों एवं दक्षता मापदंडों के आधार पर अभ्यर्थियों का मूल्यांकन किया गया।

परीक्षा में 847 अभ्यर्थी निर्धारित मापदंडों पर खरे नहीं उतर पाए और उन्हें अयोग्य घोषित किया गया, जबकि 291 अभ्यर्थियों ने PST एवं PET परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर भर्ती प्रक्रिया के आगामी चरण के लिए अपनी जगह सुनिश्चित की।

पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस. सेकर ने बताया कि पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित नियमों एवं मापदंडों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर प्रदान किए जा रहे हैं और निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया आगामी दिनों में भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी। जिला पुलिस कुल्लू की ओर से भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

Share the news