
खबर अभी अभी | कुल्लू
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में अब बेरा (BERA) टेस्ट की सुविधा सप्ताह में तीन दिन उपलब्ध होगी। उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र और जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (DDRC) की सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया।
निर्धारित व्यवस्था के तहत गुरुवार को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के ईएनटी विभाग के ऑडियोलॉजिस्ट, जबकि शुक्रवार और शनिवार को डीडीआरसी की ऑडियोलॉजिस्ट बेरा टेस्ट की सेवाएं देंगी। इससे अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
बैठक में समग्र शिक्षा के ‘थेरेपी ऑन व्हील्स’ कार्यक्रम को सुचारू बनाने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए बैठक आयोजित करने और क्षेत्रीय अस्पताल में उपलब्ध विशेष सेवाओं की आधिकारिक अधिसूचना जारी करने पर भी चर्चा की गई।
इसके अलावा खराब पड़ी ओएई मशीन की जल्द मरम्मत करवाने और अखिल भारतीय वाक एवं श्रवण संस्थान, मैसूर (कर्नाटक) से एक ऑडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत सहित जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र और आशा संस्था के अधिकारी मौजूद रहे।
सुशांत शर्मा, कुल्लू






