
शिमला में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान संजौली के तीन युवक चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। न्यायालय ने तीनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को पुलिस थाना ईस्ट शिमला की टीम नाभाबार स्थित स्टोक्स भवन लिंक रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सड़क किनारे तीन व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में उनकी तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से करीब 6 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान संजू (22) पुत्र शंकर, सूरज (30) पुत्र जंग बहादुर और अर्जुन (22) पुत्र वीर बहादुर के रूप में की है। तीनों संजौली, जिला शिमला के निवासी हैं।
पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है। इस मामले में पुलिस थाना ईस्ट शिमला में FIR नंबर 110/2026, दिनांक 15 नवंबर 2026 के तहत ND&PS एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशे की इस खेप के पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसके अन्य संपर्क कहां तक जुड़े हैं।






