चार साल से फरार उद्घोषित अपराधी राज कुमार गिरफ्तार, पांच मामलों में था वांछित

खबर अभी अभी | शिमला

शिमला पुलिस ने फरार उद्घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चार साल से फरार चल रहे राज कुमार (48) को गिरफ्तार किया है। पुलिस की PO Cell रोहड़ू टीम ने आरोपी को 16 नवंबर 2026 को रोहड़ू के भलाड़ा गांव से पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज कुमार पुत्र भगवान सिंह, निवासी तहसील रोहड़ू, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को ACJM न्यायालय संख्या-1, रोहड़ू की ओर से पांच मामलों में उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। इनमें चेक बाउंस के तीन मामले शामिल हैं। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) भी जारी किए गए थे।

इन पांचों मामलों में करीब 2.5 लाख रुपये की राशि शामिल है। PO Cell रोहड़ू की टीम लंबे समय से आरोपी की तलाश में जुटी थी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

अब पुलिस आरोपी के खिलाफ न्यायालय की आगामी प्रक्रिया सुनिश्चित कर रही है। शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और न्यायालय के आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी।

Share the news