₹70 हजार के चेक बाउंस मामले में उद्घोषित व्यक्ति गिरफ्तार, बस स्टैंड चक्कर से दबोचा

खबर अभी अभी | शिमला। शिमला पुलिस ने चेक बाउंस (Negotiable Instruments Act) के एक मामले में न्यायालय द्वारा उद्घोषित व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामला 70 हजार रुपये के चेक से जुड़ा है। आरोपी की पहचान चंदर प्रकाश पुत्र नानक, निवासी जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ न्यायालय की ओर से बार-बार समन और गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद वह अदालत में पेश नहीं हो रहा था। लगातार अनुपस्थित रहने के चलते न्यायालय ने उसके खिलाफ उद्घोषणा की कार्रवाई की थी।

न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में 28 अप्रैल 2026 को आरोपी के विरुद्ध विधिवत उद्घोषणा तामील की गई थी। इसके बाद 18 नवंबर 2026 को पुलिस चौकी जाठोग की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को बस स्टैंड चक्कर, शिमला से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को उसी दिन न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (JMFC-4), शिमला की अदालत में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला कारागार कैथू भेजने के आदेश जारी किए।

शिमला पुलिस द्वारा न्यायालयों की ओर से जारी समन, वारंट और अन्य आदेशों की प्रभावी तामील सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में लाना है।

Share the news