
खबर अभी अभी | शिमला, 23 नवंबर।

सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रष्टाचार के असत्य और मानहानिकारक आरोप लगाने तथा आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने के मामले में ठियोग पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुशील शर्मा उर्फ सुनील शर्मा (47), निवासी ठियोग के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 21 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में पुलिस थाना ठियोग में 13 अगस्त 2026 को अभियोग संख्या 112/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356, 353(1)(B), 353(1)(C), 248(b) और 238(b) में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, आस्था फाउंडेशन ठियोग ट्रस्ट के नाम से संचालित फेसबुक पेज के माध्यम से शिकायतकर्ताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार संबंधी कथित असत्य एवं मानहानिकारक आरोप और आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित की गई थीं। जांच के दौरान आरोपी ने विवादित पोस्ट और वीडियो स्वयं अपलोड करने तथा बाद में उन्हें डिलीट करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने के संबंध में आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना ठियोग में 18 नवंबर 2026 को अभियोग संख्या 176/26 के तहत एक अन्य मामला भी दर्ज किया गया है। इससे पहले आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी कर भविष्य में इस प्रकार के अपराध नहीं करने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ नहीं करने के लिए पाबंद किया गया था।
पुलिस के अनुसार, इसके बावजूद आरोपी के खिलाफ इसी प्रकृति के अन्य मामले भी दर्ज हुए हैं। पूर्व में जारी नोटिस की शर्तों का उल्लंघन करने, डिजिटल साक्ष्यों को मिटाने और कथित अपराध की पुनरावृत्ति के दृष्टिगत आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। मामले में आगामी जांच जारी है।





