डोलंगी में संस्कृत और भारतीय संस्कृति का संगम, डीसी अपूर्व देवगन ने विद्वानों को किया सम्मानित

खबर अभी अभी | मंडी

बल्ह विधानसभा क्षेत्र की पंचायत सोयरा के अंतर्गत माता वैष्णवी मंदिर डोलंगी में हिमाचल संस्कृत अकादमी की ओर से गुरु नानक देव जयंती एवं पूर्णिमा के अवसर पर विशेष संस्कृत एवं संस्कृति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने किया, जबकि समापन समारोह में जिला उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता दलित, पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक परिषद के राज्य महासचिव एवं प्रवक्ता चमन राही ने की। चेयरमैन एससी विभाग कांग्रेस हिमाचल प्रदेश जीवन कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। नवदुर्गा वैष्णव कल्याण समिति के प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से संस्कृत के विद्वानों, साहित्यकारों और संस्कृति से जुड़े लोगों ने भाग लिया।

शंखध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार से हुआ डीसी का स्वागत

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा कि आजादी के बाद पहली बार जिला उपायुक्त डोलंगी की इस दलित बस्ती में पहुंचे। डीसी अपूर्व देवगन का ग्रामीणों ने शंखध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पारंपरिक स्वागत किया। स्थानीय कलाकारों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किए।

इस दौरान उपायुक्त ने बच्चों के साथ संवाद कर उनके विचार जाने और ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का आश्वासन दिया। साथ ही नवदुर्गा वैष्णव कल्याण समिति की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की।

प्रदेशभर के विद्वानों ने रखे विचार

कार्यक्रम में डॉ. पद्मनाभ शर्मा, नरेंद्र शर्मा, सर्वजीत कौर, रेडियो एवं टेलीविजन कलाकार नागेंद्र भारद्वाज, पूर्व उपनिदेशक शिक्षा सीताराम बंसल, आचार्य अर्जुन, डॉ. नवनीत शर्मा, मंदिर कमेटी अध्यक्ष कर्नल हरभजन भाटिया, हंसा देवी, वैदिकगण भारतम के संस्थापक अध्यक्ष देशराज शर्मा और लोकसिंह नेगी सहित कई विद्वान उपस्थित रहे।

हिमाचल संस्कृत अकादमी के सचिव डॉ. प्रवीण कुमार आचार्य ने डीसी अपूर्व देवगन के हाथों विद्वानों को स्मृति चिह्न भेंट करवाए। विद्वानों ने पारंपरिक परिधानों में वैदिक संस्कृति, भारतीय ज्ञान परंपरा और सामाजिक रूढ़ियों जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।

ग्रामीणों और बच्चों में दिखा उत्साह

इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रधान भारती चौधरी, पूर्व प्रधान रूप सिंह, धर्मपाल, देव रूप सैनी, एनडी शेख, चन्द्रवीर कागरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में बच्चों और ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बना। आयोजन के माध्यम से संस्कृत, भारतीय संस्कृति और वैदिक ज्ञान परंपरा को समाज तक पहुंचाने के साथ सामाजिक सहभागिता और आपसी संवाद को भी बढ़ावा मिला।

Share the news