
#गडकरी बोले- पैट्रोल-डीजल को समाप्त करना मेरा सपना, हिमाचल में ग्रीन हाइड्रोजन बनेगा*

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
8 नवंबर 2022
हिमाचल में 60 हजार करोड़ से हो रहा सुरंगों का निर्माण
गडकरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 60 हजार करोड़ रुपये के बजट से सुरंगों का निर्माण किया जा रहा है। एशिया की सबसे बड़ी टनल जोजिला टनल बनाई जा रही है। इसका 50 फीसदी काम पूरा हो चुका है। हिमाचल काफी संख्या में रोपवे और केबल कार का निर्माण किया जा रहा है। मनोड़ी से किलाड़, भरमौर से भरमाणी माता तक रोपवे बनाया जाएगा। अब हर व्यक्ति अपने घर में बिजली तैयार करेगा। घर में बिजली तो मिलेगी ही, इससे कार, स्कूटर भी चार्ज होगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने चंबा जिले के भरमौर में चुलावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि हम भारत को दुनिया की नंबर वन आर्थिक शक्ति बनाएंगे। इलेक्ट्रिक कार के बाद अब बिजली से चलने वाला ट्रैक्टर व ट्रक भी लाया जाएगा। कहा कि मैं देश में पैट्रोल-डीजल को समाप्त करने का सपना देख रहा हूं। किसानों को अन्नदाता के साथ अब ऊर्जादाता भी बनाया जाएगा। पराली से बायो सीएनजी, बायो एलएनजी बनाया है। अब गन्ने के जूस से इथेनॉल बनाया जाएगा। कहा कि हिमाचल में ग्रीन हाइड्रोजन बनेगा। हिमाचल में सड़कें, रोपवे और सुरंगे बनेंगी। कहा कि पहले रोहतांग जाने के लिए 7 घंटे लगते थे, लेकिन अब अटल टनल बनने से 8 मिनट में ये सफर पूरा हो रहा है। लद्दाख से लेह के लिए भी चार सड़कें और टनल बनाई जाएंगी।
आज भारत दुनिया का नेतृत्व कर रहा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वैश्विक मंच पर आज भारत दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। दुनिया की कोई समस्या ऐसी नहीं जिसका समाधान भारत के बिना निकल सके। जब भी दुनिया पर कोई संकट आता है, दुनिया भारत की ओर देखती है।
सीएम योगी ने कहा कि पालमपुर में ही राम मंदिर निर्माण का प्रस्ताव पारित हुआ था और आज अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से ही संभव हुआ है। कहा कि हिमाचल के वीरों ने अपनी वीरता व शौर्य का लोहा मनवाया है। एक तरफ यह देवभूमि है, वहीं दूसरी तरफ यहां से निकला जवान अपनी फौलादी बाहों से भारत की सुरक्षा को नई ऊंचाइयां प्रदान करता है। इसलिए भारत की सुरक्षा सुदृढ़ हई है। अब दुश्मन भारत को टेढ़ी नजर से नहीं देख सकता। आतंकवाद, अलगाववाद व नक्सलवाद को प्रेरित व प्रोत्साहित नहीं कर सकता। यदि ऐसा करता है कि तो भारत का बहादुर जवान सर्जिकल स्ट्राइक के माध्यम से उसका काम तमाम कर देगा। यह मौजूदा भारत की ताकत है। मोदी सरकार ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त कर आतंकवाद की सबसे बड़ी जड़ को उखाड़ फेंका। उन्होंने कहा क्या कांग्रेस अनुच्छेद 370 को हटा पाती, अयोध्या में राम मंदिर बना पाती।
कांगड़ा जिले के पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोई सोचता था कि क्या हिमाचल में एम्स की स्थापना होगी, लेकिन आज यहां संस्थान का उद्घाटन हो चुका है। रेल कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। आज हिमाचल विकास की प्रक्रिया का हिस्सा बना हुआ है। पर्यटन का विकास हो रहा है। आज इस पहाड़ी राज्य में हर घर जल की सुविधा है। यह केवल भाजपा की डबल इंजन की सरकार ही सकती है।





