#मुंबई में बच्चों पर मंडरा रहा इस बीमारी का खतरा, 1 साल के बच्चे की मौत , 126 संक्रमित*

children in mumbai are at risk of this disease

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

 15 नवंबर 2022

शहर में वायरल संक्रमण के प्रकोप के बीच मुंबई में खसरे से एक साल के बच्चे की मौत हो गई है, जबकि इस साल अब तक 126 बच्चे इसके संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। नगर निगम के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बृह्नमुंबई महानगरपालिका (BMC) के एक अधिकारी ने कहा कि नल बाजार इलाके में रहने वाला बच्चा चिंचपोकली में BMC द्वारा संचालित कस्तूरबा अस्पताल में पिछले हफ्ते से भर्ती था और सोमवार को उसकी मौत हो गई।

अधिकारि ने बताया कि डॉक्टरों के मुताबिक, “खसरा ब्रांकोनिमोनिया के साथ ही गुर्दे खराब होने व सेप्टीसीमिया” के कारण बच्चे की मौत हुई। नगर निकाय के एक बुलेटिन में कहा गया कि मुंबई के कुछ इलाकों में खसरे का प्रकोप देखने को मिला है। सितंबर से कम से कम 96 बच्चे इससे संक्रमित पाए जा चुके हैं जबकि इस साल जनवरी से देखें तो यह आंकड़ा 126 है। BMC ने खसरा प्रभावित बच्चों के उपचार के लिए कस्तूरबा अस्पताल में एक विशेष वार्ड स्थापित किया है।

बुलेटिन के अनुसार, 4 नवंबर से 14 नवंबर के बीच 61 बच्चों को खसरे जैसे लक्षणों के साथ कस्तूरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसमें बताया गया कि उनमें से 12 को सोमवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। BMC की पूर्व में जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया, “खसरे में बच्चे को बुखार, सर्दी, खांसी और शरीर पर लाल चकत्ते पड़ जाते हैं। इस बीमारी से जटिलताएं उन बच्चों में गंभीर हो सकती हैं जिन्हें आंशिक रूप से टीका लगाया गया है या जिनका टीकाकरण नहीं हुआ है।”

Share the news