

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
16 नवंबर 2022
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने बाली शिखर सम्मेलन के समापन समारोह में भारत को G20 की अध्यक्षता सौंप दी। पीएम मोदी ने जी20 शिखर सम्मेलन के समापन सत्र में कहा कि भारत G20 अध्यक्षता समावेशी, महत्वकांक्षी, निर्णायक और एक्शन वाली होगी। भारत एक दिसंबर से आधिकारिको तौर पर अध्यक्षता ग्रहण करेगा।
इससे पहले बाली में G-20 शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी ने कहा, ‘वैश्विक विकास महिलाओं की भागीदारी के बिना संभव नहीं है। हमें अपने G-20 एजेंडा में महिलाओं के नेतृत्व में विकास को प्राथमिकता देनी होगी। पीएम मोदी ने कहा, ‘भारत G-20 का जिम्मा ऐसे समय ले रहा है जब विश्व जियो पॉलिटिकल तनावों, आर्थिक मंदी और ऊर्जा की बढ़ी हुई कीमतों और महामारी के दुष्प्रभावों से एक साथ जूझ रहा है। ऐसे समय विश्व G-20 के तरफ आशा की नजर से देख रहा है।
मैं आश्वासन देना चाहता हूं कि भारत की G-20 अध्यक्षता समावेशी, महत्वाकांक्षी, निर्णायक और क्रिया-उन्मुख होगी। हमारा प्रयत्न रहेगा की G-20 नए विचारों की परिकल्पना और सामूहिक एक्शन को गति देने के लिए एक ग्लोबल प्राइम मूवर की तरह काम करेगा।’ इंडोनेशिया में जी20 शिखर सम्मेलन के समापन समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘भारत अपनी G20 अध्यक्षता के दौरान, इंडोनेशिया के सराहनीय पहल को आगे बढ़ाने का भरसक प्रयत्न करेगा. भारत के लिए यह अत्यंत सुखद संयोग है कि हम G20 अध्यक्षता का दायित्व इस पवित्र द्वीप, बाली में ग्रहण कर रहे हैं. भारत और बाली का बहुत ही प्राचीन रिश्ता है।’





