
खबर अभी अभी
कांगड़ा।
कांगड़ा जिले के ढलियारा में बुधवार सुबह चालक की सूझबूझ और सतर्कता से एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टूरिस्ट बस अचानक अनियंत्रित हो गई, लेकिन चालक ने समय रहते बस को खुले स्थान की ओर मोड़ दिया। इससे बस गहरी खाई में गिरने से बच गई और उसमें सवार करीब 50 यात्रियों की जान सुरक्षित रही।
जानकारी के अनुसार, बस में सवार सभी यात्री राजस्थान के जयपुर के रहने वाले हैं और अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू-कश्मीर जा रहे थे। बस जैसे ही ढलियारा के तीखे और खतरनाक मोड़ों के पास पहुंची, चालक को वाहन पर नियंत्रण बनाए रखने में कठिनाई महसूस हुई।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को पास के खुले स्थान की ओर मोड़ दिया। बताया जा रहा है कि जहां बस रुकी, वहां से करीब 100 मीटर आगे प्रसिद्ध खूनी मोड़ स्थित है। यदि बस वहां तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री सहम गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री के घायल होने या किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।





