Mandi : स्ट्रांग यूथ, स्किल्ड नेशन ड्रग फ्री जेनरेशन के संदेश के साथ आईटीआई जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता संपन्न

सुंदरनगर,
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सुंदरनगर में आयोजित 19वीं राजकीय/निजी आईटीआई जिला स्तरीय खेल-कूद एवं एथलेटिक प्रतियोगिता (पुरुष वर्ग) 2026 का समापन समारोह उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन “स्ट्रांग यूथ, स्किल्ड नेशन ड्रग फ्री जेनरेशन” थीम के तहत किया गया।
समापन समारोह में तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के निदेशक रोहित राठौर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। संस्थान के प्रधानाचार्य विजय चौधरी ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि रोहित राठौर ने युवाओं को खेलों के माध्यम से स्वस्थ, अनुशासित एवं नशा मुक्त जीवन अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि मजबूत और कुशल युवा राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करती हैं।
प्रतियोगिता में विभिन्न खेल स्पर्धाओं के विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कबड्डी और वॉलीबॉल में राजकीय आईटीआई बगसैद विजेता रही, जबकि खो-खो में राजकीय आईटीआई सुंदरनगर तथा बैडमिंटन और बास्केटबॉल में राजकीय आईटीआई पपलोग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ओवरऑल खेल ट्रॉफी राजकीय आईटीआई मंडी के नाम रही। वहीं वुशु प्रतियोगिता में सुंदरनगर आईटीआई ने ओवरऑल ट्रॉफी हासिल की।
समारोह में आदित्य रैना, मुनिश कुमार, विजय उपाध्याय तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वरिष्ठ वैज्ञानिक चमन लाल उपस्थित रहे।

Share the news