Uttarakhand News: चमोली में बारिश बनी आफत, घरों में घुसा मलबा; बदरीनाथ हाईवे बंद, चारधाम यात्रा प्रभावित

खबर अभी अभी
देहरादून।
उत्तराखंड में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और लगातार हो रही भारी बारिश अब कई जिलों में आफत बन गई है। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में भारी बारिश के चलते पगनो गांव में मलबा आवासीय क्षेत्र में घुस गया, जिससे दो बुजुर्ग अपने घर में फंस गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार भारी बारिश से फसलों को भी व्यापक नुकसान पहुंचा है। वहीं देर रात हुई बारिश के कारण पागल नाला के पास मलबा आने से बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। इसके चलते चारधाम यात्रा प्रभावित हुई और हाईवे के दोनों ओर कई वाहन तथा तीर्थयात्री फंस गए। प्रशासन और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) मार्ग को जल्द बहाल करने के प्रयास में जुटे हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार प्रदेश में मलबा और भूस्खलन के कारण 27 ग्रामीण सड़कें बंद हैं। इनमें देहरादून में 10, टिहरी में 6, पिथौरागढ़ में 5, बागेश्वर में 3, चमोली में 2 और चंपावत जिले में 1 ग्रामीण मार्ग प्रभावित है। संबंधित विभाग बंद मार्गों को खोलने का कार्य कर रहे हैं।

इस बीच मौसम विभाग ने गुरुवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया है। प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

Share the news