
25 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू।

कटराईं पंचायत क्षेत्र में चिट्टे के बढ़ते प्रचलन पर अंकुश लगाने के लिए नशा निवारण समिति ने नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ चौतरफा अभियान चलाने का निर्णय लिया है। पंचायत सभागार में आयोजित समिति की विशेष बैठक में पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
बैठक में नशा निवारण समिति के चेयरमैन एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कटराईं के प्रधानाचार्य मंगल नेगी, ग्राम पंचायत प्रधान हुकमचंद ठाकुर, उपप्रधान विकास महंत, सभी वार्ड सदस्य, समिति के मनोनीत सदस्य तथा पुलिस थाना पतलीकूहल से हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल खुशहाल मौजूद रहे।
बैठक में क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा की गई और चिट्टे के बढ़ते प्रचलन को लेकर चिंता जताई गई। सदस्यों ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है, ताकि युवा पीढ़ी को इस गंभीर समस्या से बचाया जा सके।
बैठक में सदस्यों ने आरोप लगाया कि पंचायत क्षेत्र में कुछ लोग किराए के मकानों में रहकर कथित रूप से चिट्टे का कारोबार कर रहे हैं और निजी वाहनों के माध्यम से इसकी सप्लाई की जा रही है। समिति ने ऐसे मामलों में पुलिस से कानून के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सामाजिक स्तर पर भी कड़ा रुख अपनाने पर सहमति बनी।
सदस्यों ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पंचायत, स्थानीय लोगों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों को भी मिलकर भूमिका निभानी होगी।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कटराईं पंचायत क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय और मजबूत किया जाएगा। नशे का सेवन करने वाले लोगों को सुधार और जागरूकता की दिशा में प्रेरित किया जाएगा, जबकि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि कटराईं क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पंचायत और नशा निवारण समिति मिलकर अभियान को और प्रभावी बनाएगी।





