
1/8/2026
कुनिहार
खबर अभी अभी
कुनिहार में शनिवार से ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था के तहत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सड़क सफाई और नालियों की सफाई का कार्य शुरू हो गया। नगर पंचायत की ओर से यह कार्य टार्गेट ग्रीन जोन फर्म को सौंपा गया है। अभियान के शुभारंभ पर पूर्व प्रधान राकेश ठाकुर ने क्षेत्रवासियों से स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।
पूर्व प्रधान राकेश ठाकुर ने कहा कि नगर पंचायत कुनिहार के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल है। यदि प्रत्येक परिवार गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके सफाई कर्मचारियों को देगा तो शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में बड़ी सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब जनता इस अभियान को अपना अभियान समझकर इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएगी।
टार्गेट ग्रीन जोन के प्रतिनिधि एवं ठेकेदार सौरभ ठाकुर ने बताया कि अभियान का उद्देश्य ‘स्वच्छ शहर-समृद्ध शहर’ के लक्ष्य को साकार करना है। उन्होंने बताया कि शनिवार से घर-घर जाकर गीला और सूखा कचरा अलग-अलग एकत्रित किया जा रहा है। जिन संकरी गलियों में रिक्शा या कचरा वाहन नहीं पहुंच सकेगा, वहां सफाई कर्मचारी बोरे लेकर घर-घर जाएंगे, ताकि शहर का कोई भी हिस्सा इस सेवा से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि घरों और किरायेदारों से 50 रुपये प्रतिमाह उपयोगकर्ता शुल्क अगले महीने से लिया जाएगा। इस महीने लोगों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, जबकि दुकानदारों के लिए शुल्क संबंधी अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी।
सौरभ ठाकुर ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए शीघ्र ही एक टोल-फ्री नंबर जारी किया जाएगा, जिस पर कचरा संग्रहण और सफाई से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी। फर्म का प्रयास रहेगा कि प्रत्येक शिकायत का 24 घंटे के भीतर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं बल्कि जनसहभागिता और व्यवहार परिवर्तन का अभियान है। उन्होंने नगरवासियों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग कर देने तथा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में पूरा सहयोग देने की अपील की।
इस अवसर पर बीडीसी सदस्य जगदीश ठाकुर, दिनेश ठाकुर, सुपरवाइजर अंकुर, राजेंद्र शर्मा, कृष्ण चंद, ज्ञान जोशी, विनोद, संतोष, रेखा, मीनाक्षी, रामेश्वरी, मीना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





